नित्यानंद ने विपक्ष पर लगाया देश को गुमराह करने का आरोप

समस्तीपुर
केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर विपक्ष पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां वोट की राजनीति कर रही है। नित्यानंद ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की 95वीं जंयती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि यह कानून नागरिकता देने वाला कानून है, न कि किसी का नागरिकता लेने वाला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पाने की चाहत में कांग्रेस जैसे विपक्षी दल इस पर गलत अफवाह फैला कर देश को बदनाम कर रहे हैं। मंत्री ने पड़ोसी राष्ट्र पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में प्रताड़ित अल्पसंख्यकों की चर्चा करते हुए कहा कि इन देशों में अल्पसंख्यकों के सिर्फ रोटी, कपड़ा और मकान ही नहीं छिने गए बल्कि उनकी इज्जत के साथ भी खिलवाड़ किया गया। मानवता के आधार पर ऐसे लोगों को नई जिंदगी देने के लिए ही केंद्र सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून बनाया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कानून को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।



Popular posts